आठ माह में ही 19 करोड़ रुपये की लागत से बने आगरा-जलेसर मार्ग के उखड़ने से शुक्रवार को भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क निर्माण की जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए कार्यकर्ता और ग्रामीणों ने आठ घंटे तक रास्ता जाम किए रखा। इस दौरान सपा विधायक रणजीत सुमन का पुतला भी जलाया गया। वहीं कार्यकर्ताओं ने कुछ देर के लिए सकरोली, अवागढ़ में भी जाम लगाकर अपने गुस्से का इजहार किया।
तहसील अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि 19 करोड़ रुपये की लागत से आठ महीने पहले आगरा-जलेसर मार्ग दुरुस्त कराया गया था। पर यह सड़क फिर से जर्जर हो गई है। लिंकमार्ग टिकेत-वारा समसपुर भी दलदल में तब्दील हो चुका है। कहा कि इसी आगरा-जलेसर मार्ग निर्माण में हुई गड़बड़ी की जांच, मुख्यमार्ग के पुर्ननिर्माण और लिंकमार्ग के डामरीकरण की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया गया है। उदर, प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक का पुतला फूंकते हुए जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की यह समस्या कई साल से बनी हुई है। लगातार शिकायतें भी की गई, फिर भी समाधान नहीं किया जा रहा है। वहीं बिजली की समस्या पर भी अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उधर, सड़क जाम की सूचना पर एसडीएम रामदास, सीओ कौशलेंद्र प्रताप सिंह आए। उन्होंने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। इस मौके पर महेश चंद्र यादव, रामनरेश यादव, रामकिशन यादव, निहाल सिंह, सतेंद्र सिंह, चंद्रवीर सिंह, रोहित कुमार, मोहित यादव आदि सैकड़ाें लोग मौजूद रहे। वहीं जाम के कारण जलेसर-आगरा रोड पर वाहनाें की लंबी लाइन लग गई थी। इस दौरान रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर मायके से ससुराल लौट रही महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कतें हुई।
इनसेट
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर खुला जाम
जलेसर। आगरा-जलेसर मार्ग पर सड़क-बिजली की समस्या को लेकर शुक्रवार को लगाया गया जाम प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रताप सिंह एवं युवा इकाई के जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह के निर्देश खुला।
----------------
जाम में सपा नेताओं से हुई कहासुनी
जलेसर। आगरा-जलेसर मार्ग पर लगाए गए जाम के दौरान आगरा के सपा नेताओं ने जबरन अपनी कार निकालने की कोशिश की। इससे प्रदशनकारियों और सपाईयों के बीच कहासुनी हो गई। माहौल गरम होता देख भाकियू नेताओं ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया।