एटा टूंडला मार्ग जहां बननी है सड़क
- फोटो : ETAH
एटा। दो जिलों से गुजरने वाले एटा-टूंडला मार्ग को अब फोरलेन किया जाएगा। 57.16 किलोमीटर लंबे बरेली-आगरा स्टेट हाईवे की चौड़ाई वर्तमान में करीब सात मीटर है, जिसे 550 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन किया जाएगा। प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलने और धनराशि अवमुक्त होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
आगरा-एटा-कासगंज को बरेली-नैनीताल से जोड़ने वाले मार्ग का चौड़ीकरण जारी है। एटा-कासगंज के फोरलेन एवं टूंडला-आगरा के पूर्ण चौड़ीकरण होने के बाद एटा-टूंडला मार्ग चौड़ा करने का प्रस्ताव है सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्या को पत्र लिखकर फोरलेन का प्रस्ताव शासन को प्रेषित कर दिया है। विधायक के अनुसार, 57 किलोमीटर लंबे एटा-टूंडला मार्ग वर्तमान में सात मीटर चौड़ा है। इसमें से साढ़े बाइस किमी मार्ग फिरोजाबाद जिले में आता है। आगरा जाने के लिए एक मात्र रास्ता है। जनपद एटा में लगभग इस मार्ग की लंबाई लगभग 35 किलोमीटर है। इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन को कोई भी अतिरिक्त भूमि अधिग्रहीत नहीं करनी है। इसकी अनुमानित लागत 550 करोड़ है।