एटा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले के 11 बीएलओ कार्य पूरा कर चैंपियन बन चुके हैं। वहीं पूरे जिले में गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन कार्य 50 प्रतिशत हो गया है।
बुधवार को जलेसर के बूथ संख्या 289 मोहनपुर के बीएलओ देवेंद्र कुमार, मारहरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 322 की बीएलओ रुखसार अंजुम, बूथ संख्या 86 के बीएलओ सत्यवीर सिंह तथा एटा सदर के बूथ संख्या 150 की बीएलओ नूतन यादव ने अपने-अपने बूथों पर गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण, संग्रह और बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया। इन्हें मिलाकर अब तक 11 बीएलओ अपना कार्य पूरा कर चुके हैं।
इस उपलब्धि पर जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम प्रेमरंजन सिंह ने इन बीएलओ को बधाई दी। कहा कि ऐसे कर्मठ लोकतंत्र प्रहरी ही लोकतांत्रिक दायित्वों को मजबूती प्रदान करते हैं। अपेक्षा जताई कि अन्य बीएलओ भी इसी भावनाबोध और जिम्मेदारी के साथ एसआईआर कार्य को समय से पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में बुधवार तक 50 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य कर लिया गया है। एटा जनपद के लिए यह गर्व का क्षण है। जिले की आधी आबादी ने अपने फॉर्म भरकर न केवल प्रशासनिक प्रयासों को सफल बनाया बल्कि लोकतंत्र के इस महाअभियान को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम सत्यप्रकाश ने बताया कि बीएलओ ने घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र भरवाए। समय से उन्हें एकत्र किया और तत्परता से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए। इस कार्य में सभी लगाए गए सेक्टर ऑफिसर्स का भी योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। उन्होंने लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई और पूरे समर्पण के साथ कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा किया।