मिरहची। अमांपुर मार्ग स्थित मरथरा से मिरहची-मारहरा से मोहनपुरा तक सड़क के चौड़ीकरण निर्माण में गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क के कई जगह से धंसने की शिकायत है। बारिश में सड़क के एक-एक फीट धंसने पर ग्रामीण सड़क के निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी की पटरी खोदकर ईंट व गिट्टी डालने का कार्य किया गया। जो पहली बारिश में ही सड़क की पटरी एक से दो फीट तक धंस गई, जिससे गहरे गड्ढे होने पर हादसे की आशंका पैदा हो गई है। क्षेत्र के विक्रम सिंह, संजू कुमार, रामप्रताप सिंह, सतीश कुमार आदि ने बताया कि सड़क किनारे पटरी के धंसने पर बाइक सवार अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
सड़क की पटरी धंसने पर रात के समय गुजरने पर अधिक परेशानी हो रही है। गड्ढों की गहराई का अनुमान न होने पर स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को लेकर हादसे की आशंका रहती है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
सड़क धंसने के मामले में जांच कराई जाएगी। फिलहाल सड़क निर्माणाधीन है। जहां-जहां धंसी है उसे सही कराया जाएगा। -आदर्श वर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी