शिकोहाबाद रोड पर दुकान में ट्रक घुसने के बाद मौके पर लगी भीड़ ।
- फोटो : ETAH
एटा। बजरी से भरा ट्रॉला सोमवार की आधी रात अचानक पंचर होने से अनियंत्रित होकर तीन मंजिला मकान में जा घुसा। इसमें चालक घायल हो गया। मकान के अगले हिस्से में बनी दुकानों में मोबाइल और मेडिकल का कारोबार चल रहा था, दोनों दुकानों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मकान में सो रहे परिवार के चार सदस्यों की धमाके के बाद सांसें काफी देर तक अटकी रहीं।
कोतवाली नगर के शिकोहाबाद रोड स्थित डॉ. विशाल गुप्ता के बराबर बने सुधीर कुमार पुत्र नरेश चंद्र के मकान में सोमवार की रात करीब एक बजे ट्रॉला पंचर होने के बाद घुस गया। इसमें चालक कालू पुत्र सुरेश निवासी इकोना थाना पिचोर जिला ग्वालियर मप्र गंभीर रूप से घायल हो गया। तीन मंजिला मकान के बाहरी हिस्से में दो दुकानें बनी हुई हैं, इनका शटर तोड़ते हुए ट्रॉला करीब एक मीटर अंदर तक चला गया।
एक दुकान में संतोष कुमार गुप्ता निवासी बापू नगर मेडिकल का कारोबार करते हैं, इनका कहना है कि करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं दूसरी दुकान में मकान स्वामी सुधीर कुमार मोबाइल व एसेसरीज का कारोबार करते हैं। सुधीर कुमार के पिता नरेश चंद्र ने बताया है कि हादसा रात करीब एक बजे हुआ था, इस समय बेटा, पुत्रवधू नीरज देवी, नाती कृष्णा और नातिन रिचा सो रहे थे। हादसे के बाद परिवार के लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर क्या हुआ है। तेज धमाके के साथ मकान हिल गया तो सभी की सांसें अटक गईं।