अलीगंज पुलिस की गिरफ्त में किशोरी अपहरण के आरोपी ।
- फोटो : ETAH
एटा। विद्यालय की छुट्टी होने के बाद घर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी छात्रा का बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण करने का प्रयास किया। आरोपी बाइक पर जबरन बिठाने में कामयाब भी हो गए लेकिन पुलिस के आ जाने के चलते छोड़कर भाग गए। छात्रा ने थाना पहुंचकर फर्रुखाबाद के दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना व कस्बा अलीगंज के मोहल्ला डाक बंगला के पास से सोमवार को एक छात्रा का बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण करने का प्रयास किया। छात्रा की ओर से तहरीर देकर लकी उर्फ विजेंद्र पुत्र कश्मीर सिंह और कौशल उर्फ कौशलेंद्र पुत्र अनिल कुमार निवासी कादर दादपुर सराय थाना कंपिल जिला फर्रुखाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप था कि वह घर जाने के लिए डाक बंगला पर खड़ी थी तभी उसको दोनों युवकों ने बाइक पर जबरन बिठा लिया। आगे पुलिस खड़ी दिख गई तो दोनों छोड़कर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया है कि दोनों नामजद आरोपियों को मंगलवार की सुबह डीएवी इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया है।