अलीगंज। सराफा व्यापारी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने दीपक गिरी और गोलू पंडित पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस को दोनों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीती 22 अक्तूबर को तीन बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा और पिस्टल के बल पर सराफा व्यापारी को आतंकित कर जेवरात से भरा बैग लूट लिया था। घटना के खुलासे के लिए छह पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने घटनास्थल और बदमाशों के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे करीब दो हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई थी। जांच में मैनपुरी निवासी वीरेंद्र की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद अन्य आरोपियों की तलाश तेज की गई।
जांच में दीपक गिरी उर्फ अखिलेश गिरी निवासी मऊ और गोलू उर्फ कुलदीप पंडित निवासी फिरोजाबाद के नाम सामने आए। दोनों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सीओ राजेश सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उनके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।