मरथरा-मोहनपुरा मार्ग पर उड़ती धूल। संवाद
मिरहची। मरथरा से मोहनपुरा तक निर्माणाधीन मार्ग पर उड़ रही धूल से सांस रोगी परेशान हैं। धूल उड़ने से मरथरा गांव के दुकानदार और क्षेत्र के लोग परेशान हैं। लोगों ने जल्द ही सड़क पर डामरीकरण कराने की मांग की है।
मिरहची और मारहरा कस्बे से होते हुए मरथरा से मोहनपुरा मार्ग के जर्जर होने पर विधायक वीरेंद्र लोधी की पहल पर इस सड़क का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। यातायात अधिक होने पर सड़क का चौड़ीकरण किया गया है। छह माह पहले निर्माण कार्य शुरू होने पर भी इसका डामरीकरण नहीं हो सका है। पथरीली सड़क को डस्ट डालकर कार्यदायी संस्था के छोड़े जाने पर वाहनों के गुजरने पर पूरे दिन धूल उड़ती है। इससे क्षेत्र में सांस के रोगी बढ़ते जा रहे हैं।
क्षेत्र के रामप्रताप लोधी, विपिन यादव, भारत सिंह, सौरभ लोधी, महेश लोधी, बबलू लोधी, राजपाल आदि लोगों ने कहा पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के कारण कार्य की गति धीमी है। डॉ. रविरंजन यादव ने कहा कि धूल बहुत हानिकारक होती है, इसका बचाव करें। मार्ग से गुजरते समय मास्क, गमछे आदि से चेहरा ढककर निकलें।