दवा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गुरुवार को मृतक के भाई ने एक नामजद सहित दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ भी लिया है, लेकिन अभी कुछ भी कहने से इनकार कर रही है।
गुरुवार को सुबह कोतवाली पर सदर विधायक आशीष यादव आशू व अन्य सपा नेता पहुंच गए। मृतक के भाई सतेंद्र ने देव उर्फ नारायण मिश्र निवासी तरगवां जैथरा, हाल पता निवासी आवास विकास कालोनी कोतवाली नगर सहित दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध दर्ज कराई है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले देव व हरेंद्र में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। मामला हाथापाई तक पहुंच गया था। किस बात को लेकर झगड़ा हुआ इसका अभी तक पता नहीं चल सका है, इसी के चलते उसकी हत्या किया जाना बताया जा रहा है। जबकि परिवारीजनों ने भी कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को भी पकड़ भी लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर से .32 बोर की गोली निकली है।
बता दें कि बुधवार रात आठ बजे कोतवाली नगर के जीटी रोड स्थित गौशाला निवासी हरेंद्र अपने भाई सतेंद्र के साथ बाइक से जेएलएन डिग्री कालेज के पास स्थित मेडिकल स्टोर की दुकान बंदकर घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी पर एसएसपी एसके वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच गए थे।