एटा। अवागढ़ कोतवाली क्षेत्र में गदेसरा बंबे के पास रेलवे लाइन के किनारे सोमवार की सुबह गोवंश के अवशेष मिलने से खलबली मच गई। गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
सोमवार को ग्रामीणों ने गदेसरा बंबा के समीप रेलवे पटरी के किनारे कई गोवंश के अवशेष देखे तो वह भड़क गए। गांव वालों की भीड़ वहां एकत्रित हो गई। । सूचना मिलते ही अवागढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके नमूने जांच के लिए भेजे और अवशेष को गड्ढा खुदवाकर दफन कराया। रेलवे लाइन के पास इतनी बड़ी संख्या में पशुओं के अवशेष मिलना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह अवशेष कहीं बाहर से लाकर यहां नहीं फेंके गए। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भानुप्रताप सिंह ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाल अखिलेश दीक्षित के अनुसार इस संबंंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। अहम सुराग लगे हैं। पशु चिकित्सकों की रिपोर्ट का इंतजार है।