एटा। शहर में जीटी रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड काफी समय से कायाकल्प की राह देख रहा है। इसके लिए सरकार से धनराशि भी दे दी गई है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। अफसरों का कहना है कि सर्दी अधिक होने के कारण निर्माण शुरू नहीं हो सका। अब मौसम साफ होने के बाद कार्य शुरू होने की बात कही जा रही है।
परिवहन निगम रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कार्य कराकर बेहतर बनाने जा रहा है। इससे परिसर का फर्श ठीक कराया जाएगा, इसके साथ ही रंगाई पुताई कराकर बेहतर बनाने की पहल की गई है। इसके लिए सरकार से 50 लाख रुपये की धनराशि भी मिल गई है, लेकिन मौसम की मार का असर निर्माण कार्य शुरू होने पर भी पड़ा है। वहीं बुधवार की रात बारिश होने के कारण रोजवेज परिसर में बने गहरे गड्ढों में पानी भर गया, जिसकी वजह से यात्रियों और बस चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ी। गहरे गड्ढों में बसें हिचकोले खाकर निकलीं तो सवारियां भी अपनी सीटों से उछल गईं।
एआरएम राजेश यादव ने बताया कि निर्माण कार्य जनवरी माह में शुरू होने जा रहा था लेकिन सर्दी अधिक पड़ने की वजह से कार्य शुरू नहीं हो सका है। अब मौसम सही होते ही निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद कई समस्याओं से मुक्ति मिल जाएगी।