एटा। गेहूं की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचने के लिए किसानों को पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। शासन की ओर से जारी गेहूं क्रय नीति के अनुसार सरकारी क्रय केंद्रों पर बिक्री के लिए विभागीय पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर पंजीकरण करना होगा।जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुभाष मैथानी ने बताया कि किसान स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं। जनसूचना केंद्र व साइबर कैफे की सहायता ले सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण भूलेख, आधार संख्या तथा पंजीकरण के दौरान मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा। आधार से लिंक बैंक खाते का पीएफएमएस पोर्टल से सत्यापन होने के बाद ही पंजीकरण मान्य होगा।
शासन की ओर से रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिले में इस वर्ष विभिन्न क्रय संस्थाओं द्वारा कुल 67 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं।