एटा। शासन की ओर से रक्षाबंधन पर सोमवार को रोडवेज की सभी बसों में बहनों को नि:शुल्क यात्रा करने की सौगात दी गई है। इस दौरान खटारा बसों को न दौड़ाने और बसों में छोटी खराबी को ठीक करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
रक्षाबंधन पर बहनें राखी बांधने के लिए भाइयों के यहां जाती हैं। मुख्यमंत्री योगी की ओर से सभी बहनों को सोमवार को बसों में यात्रा नि:शुल्क करने की सौगात दी गई है। शासन की ओर से अफसरों को निर्देशित किया गया है कि मार्गों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप ही बसें उपलब्ध कराईं जाएं।
वहीं, 02 से 03 अगस्त की रात 12 बजे तक बहनों को नि:शुल्क यात्रा कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन महिलाओं ने रक्षाबंधन पर टिकट पहले से ही बुक कराई है, उनकी धनराशि वापस की जाएंगी। महिलाएं बस स्टैंड पर लगे काउंटर से टिकट दिखाकर धनराशि वापस ले सकतीं हैं।
बसों के रूट किए गए तय
रक्षाबंधन को देखते हुए यात्रियों को कोई दिक्कत न हो इसका भी परिवहन निगम ने विशेष ध्यान रखा है। इसके लिए उच्चाधिकारियों ने जिले के हिसाब से मार्गों का निर्धारण किया है।
रक्षाबंधन के त्योहार पर 24 घंटे महिलाओं को मुफ्त में यात्रा कराने के निर्देश मिले हैं। इसके तहत महिलाओं को मुफ्त यात्रा कराई जाएगी।
-राजेश यादव, प्रभारी एआरएम