राजा का रामपुर। कस्बा स्थित तंबाकू गोदाम में राज मिस्त्री की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया है कि जिस गोदाम में वह पराली पर लेटे थे, वहां उनको बुलाया गया और जानबूझकर ट्रक का पहिया चढ़ाकर हत्या की गई है।
राजा का रामपुर के मोहल्ला जाटवान निवासी दीपू ने बताया कि पिता सरनाम सिंह (55) शुक्रवार को एक ईंट भट्टे पर काम करने गए थे। आरोप लगाया कि वहां से लौटते समय मोहल्ला मालियान में एक तंबाकू गोदाम के मालिक ने काम के लिए बुला लिया। थके होने के कारण रात में वहां वह पुआल (पराली) के ढेर पर लेट गए। इसी बीच तंबाकू से भरा हुआ ट्रक बाहर निकला और चालक ने यह जानते हुए भी कि पिता सामने लेटे हैं, लापरवाही से ट्रक चलाते हुए उनको कुचल दिया। घटना के बाद गोदाम संचालक और काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और देखा तो सरनाम सिंह के सीने के ऊपर से ट्रक का पहिया निकलने से मौत हो चुकी थी। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि ट्रक के पहिए के नीचे आने से सरनाम सिंह की मौत हुई है।