अग्निवीर मामले को लेकर कासगंज रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा मे तैनात आरपीएफ व जीआरपी के जवान ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सेना में भर्ती की नई अग्निपथ योजना के खिलाफ जगह-जगह युवा आक्रोशित होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन लगातार हिंसक होता जा रहा है। ट्रेन में आग लगाने की घटनाएं आक्रोशित युवाओं द्वारा की गई है। ऐसी स्थिति को देखते हुए रेलवे ने जंक्शन पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। आरपीएफ और रेलवे पुलिस अलर्ट पर है। वहीं रेलवे का इंजीनियरिंग विभाग भी सतर्क है।
बृहस्पतिवार से ही यह चौकसी बढ़ा दी गई है। लगातार विरोध प्रदर्शन अग्निपथ योजना को लेकर हो रहे हैं। पड़ोसी जनपद अलीगढ़, एटा में भी विरोध शुरू हो गया है। इसे देखते हुए जिले का पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। वहीं खुफिया पुलिस भी अलर्ट पर है। पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। सर्वाधिक सतर्कता रेलवे विभाग द्वारा की जा रही है। रेलवे सुरक्षाबल और रेलवे पुलिस के अलावा रेल प्रशासन ने सभी वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर को निर्देशित किया है कि वे पेट्रोलमैन व कीमैन को निर्देशित करें कि कहीं भी ट्रैक के किनारे एवं ट्रैक के पास लोग विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्रित होते हैं तो उसकी सूचना इज्जतनगर कंट्रोल को दी जाए। इन निर्देशों के बाद सभी अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के बाहर काफी सतर्कता देखी गई, पुलिस तैनात दिखी।