एटा। कृषि विभाग ने संयुक्त टीम बनाकर खाद-बीज विक्रेताओं की 15 दुकानों पर छापे मारे। गड़बड़ी मिलने पर 3 दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। वहीं 9 दुकानों के स्वामियों को नोटिस दिए हैं। खाद-बीज की जांच के लिए 11 नमूने भरे हैं।
उप कृषि निर्देशक सुमित कुमार ने बताया कि बुधवार को टीमें बनाकर निरीक्षण अभियान चलाया गया। जलेसर तहसील क्षेत्र में जिला कृषि अधिकारी डाॅ. मनवीर सिंह व नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल ने अटल बीज भंडार की दुकान से जांच के लिए 2 बीज और 1 डीएपी का नमूना लिया। अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर दुकान का लाइसेंस निलंबित किया है। पचौरी बीज भंडार एवं आलम बीज भंडार से बीज के 3 नमूने लिए। अभिलेखों के रखरखाव में गड़बड़ी मिलने पर कारण बताओ नोटिस दिया है। एसजीसी ट्रेडर्स इसौली चौराहा की दुकान बंद पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित किया गया।
सकरौली में कल्पना कृषि सेवा केंद्र, किसान कृषि सेवा केंद्र, महादेव कृषि सेवा केंद्र, विजय ट्रेडर्स, युग खाद बीज भंडार की दुकान बंद मिलीं। सभी दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस दिया गया। श्री बांके बिहारी खाद बीज भंडार से बीज का नमूना लिया और लाइसेंस निलंबित किया गया। कोसमा में कैलाश खाद बीज भंडार की दुकान बंद मिलने पर नोटिस दिया गया। साथ ही अवागढ़ एवं वसुंधरा में भी दुकानों का निरीक्षण किया गया।
सदर तहसील में उप कृषि निदेशक सुमित कुमार तथा तहसीलदार सदर नीरज कुमार वार्ष्णेय ने एटा फर्टिलाइजर के गोदाम का निरीक्षण किया। अभिलेख अव्यवस्थित पाए जाने पर नोटिस दिया गया। साथ ही थोक विक्रेता जैन ट्रेडर्स के गोदाम का निरीक्षण कर 2 नमूने लिए। राजपूत खाद-बीज भंडार कासगंज रोड से पोटाश का एक नमूना लिया।
निधौली एवं आगरा रोड स्थित दुकानों का भी निरीक्षण किया। टीम में पटल सहायक जितेंद्र कुमार, चंद्र प्रकाश एवं अनुराग शर्मा उपस्थित रहे। सभी दुकानदारों को निर्देशित किया गया। समस्त अभिलेख पूर्ण रखें, रेट सूची लगाएं, स्टॉक बिक्री रजिस्टर एवं किसानों को निर्धारित दर पर ही उर्वरकों की बिक्री की जाए। शिकायत मिलने या विक्रेताओं द्वारा नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करते हुए उसके खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया जाएगा।