एटा। जैथरा क्षेत्र में तीन वर्षीय बच्ची को स्कूल से अगवा करने के मामले में अदालत ने शुक्रवार को जिला मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी आरोपी शीलेष को जेल भेज दिया। उधर, जांच में एक सीसीटीवी फुटेज मिला है जिसमें बच्ची स्कूल से करीब 500 मीटर दूर सुबह 11:52 बजे आरोपी के साथ जाती दिख रही है। इस फुटेज ने स्कूल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि स्कूल की छुट्टी दोपहर 12:30 बजे होती है। बड़ा सवाल यह है कि बच्ची छुट्टी से पहले स्कूल परिसर से बाहर कैसे निकल गई?
परिजन का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मांगी तो प्रबंधन ने कैमरों में तकनीकी खराबी का हवाला देकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज नहीं दिखाई। वहीं, स्कूल से कुछ दूरी पर लगे एक अन्य सीसीटीवी कैमरे में बच्ची आरोपी के साथ जाती हुई दिखाई दे रही है।
पीड़ित पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी तीन वर्षीय बेटी कस्बे के ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। बृहस्पतिवार को छुट्टी के बाद बच्ची स्कूल में नहीं मिली। तलाश के दौरान लोगों से सूचना मिली कि एक युवक बच्ची को लेकर जिरारी की ओर गया है। परिजन ने पीछा कर आरोपी शीलेष को धर दबोचा और बच्ची को सकुशल बरामद कर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।