एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार की देर शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक पंप कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज से चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। मगर, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
कोतवाली नगर के सुनहरी नगर निवासी कृष्णपाल ने बताया कि भाई राकेश कुमार (60) अग्रवाल पेट्रोल पंप पर नौकरी करते थे। बुधवार की देर शाम किसी काम से जीटी रोड स्थित खेमका पेट्रोल पंप के पास आए थे। यहां से लौटते समय पंप के सामने ही ट्रैक्टर की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए एंबुलेंस के माध्यम से राजेश को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
यहां चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया। परिजन आगरा ले जा रहे थे कि रास्ते में गांव वसुंधरा के पास पहुंचते ही राकेश की सांसें थम गईं। जिसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम हाउस ले आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।