एटा। काशीराम कालोनी के निवासियों को करीब आठ दिन से बिजली-पानी नहीं मिल रहा है। कालोनी में गंदगी के ढेर लगे हैं तो सीवर लाइन चौक है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसी से गुस्साई महिलाओं ने मंगलवार को तहसील और नगर पालिका पर पहुंचकर हंगामा किया। अधिकारियों की गाड़ी के बोनट पर हाथ पटके। एसडीएम सदर ने पांच बजे के बाद सप्लाई चालू कराने का आश्वासन दिया, इसके लोग शांत हुए।
शहर में चार काशीराम कालोनियां है। इनमें लगभग दो हजार से अधिक लोग निवास करते हैं। आठ दिन पूर्व कालोनी की बिजली विभाग द्वारा आपूर्ति बंद कर दी गई। इस कारण यहां के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए भी तरस गए हैं, वहीं बिजली नहीं आने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं कर पा रहे हैं। सदर तहसील पहुंची महिलाओं में सरोज, कविता, समीन, आस्था, रामबेटी आदि ने बताया कि कालोनी में वह 2010 से रह रहीं है। बिजली पानी सब फ्री में मिलता था। कुछ दिन पूर्व बिजली विभाग द्वारा सभी को साठ से अस्सी हजार रुपये तक के बिल थमा दिए गए।
बिल जमा न करने पर विभाग द्वारा बिजली काट दी गई। जब से बिजली काटी है, कालोनियों में पानी भी मिलना बंद हो गया है। लोग एक- एक बूंद पानी के लिए तरस रहे है। महिलाओं का उग्र रुप देख डीएम ने सदर एसडीएम को उनके पास भेजा।
---------------
पुलिस से हुई नोंकझोंक
जिस समय महिलाएं अधिकारियों की गाड़ियों के बोनट पर हाथ पटक रहीं थी। उस समय महिलाओं को रोकने पुलिस फोर्स पहुंची तो उनकी आपस में नोंकझोंक हो गई।
-------------
आरोप, फाड़ दिया प्रार्थना पत्र
हंगामा कर रहीं महिलाओं ने बताया वह डीएम को अपना प्रार्थना पत्र देने आईं थी। अधिकारियों ने उनका प्रार्थना पत्र लिया और बिना समस्या सुने ही फाड़ दिया।
------------------
महिलाओं का कहना
दस वर्ष से रह रहे है, नहीं आई कोई समस्या
2010 से मंडी के पास स्थित काशीराम कालोनी में रह रही हूं। कभी कोई समस्या नहीं आई। कुछ दिन पूर्व बिजली काट दी गई तभी से पानी के लिए तरस रहे हैं। दूर से पानी भरकर लाना पड़ता है।
- उर्मिला, निवासी काशीराम कालोनी।
----------------
रात के समय लगता डर
आठ वर्ष से कालोनी में रह रहे हैं। बिजली-पानी की समस्या कभी नहीं आई। कालोनी में गंदगी फैली रहती है। कोई अधिकारी उधर देखने भी नहीं जाता। अब बिजली न होने से रात को अंधेरा रहता है, इससे डर लगता है।
- सीमा, काशीराम कालोनी निवासी
--------------
चालू करा दी जाएगी बिजली सप्लाई
वर्षों से इन लोगों ने बिल जमा नहीं किया है। इस पर बिजली विभाग द्वारा वहां की सप्लाई काट दी गई। शाम पांच बजे के बाद सप्लाई को चालू करा दिया जाएगा।
- नंदलाल, सदर एसडीएम
तहसील परिसर में हंगामा काटती कांशीराम कालोनी की महिलाओं को समझाते पुलिस अधिकारी- संवाद- फोटो : ETAH
मंगलवार को काशीराम कालोनी के लोग तहसील परिसर में हंगामे के दौरान एसडीएम की गाड़ी के बोनट को पीटते- फोटो : ETAH