निधौली रोड पर वेतन की मांग को लेकर सेंट पॉल्स विधालय के बाहर धरने पर बैठे शिक्षक ।
- फोटो : ETAH
एटा। निधौली रोड स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षकों ने प्रबंधन पर वेतन नहीं देने का आरोप लगाते हुए स्कूल के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में छात्र-छात्राएं और अभिभावक भी पहुंच गए। शिक्षकों का साथ देते हुए छात्रों ने अपनी फीस वापस करने की मांग की। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने शिक्षक और छात्रों को समझाकर धरना खत्म कराया।
सोमवार को निधौली रोड स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों ने वेतन की मांग को लेकर प्रबंधन के खिलाफ धरना दिया। शिक्षकों की मांग है कि मई से नवंबर माह का अभी तक पूरा वेतन नहीं दिया गया है। पूरा वेतन दिया जाए, वहीं स्कूल के बाद अतिरिक्त समय तक स्कूल में रोका जाता है, यह बंद किया जाए। वेतन भुगतान महीने की पांच तारीख तक किया जाए, चौदह आकस्मिक अवकाश एवं चिकित्सा अवकाश दिए जाएं।
वेतन वृद्धि निश्चित मानक के अनुसार हो। वहीं शिक्षकों के समर्थन में छात्र भी धरना प्रदर्शन में शामिल हो गए और नारेबाजी की। उन्होंने अपनी फीस वापस करने की मांग की। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी राजकुमार और कोतवली नगर प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने शिक्षक व छात्रों को समझाकर धरना समाप्त कराया।