एटा। किसान संगठनों के आठ दिसंबर को भारत बंद के एलान के समर्थन में एक दिन पूर्व सोमवार को राजनीतिक दलों सहित किसान संगठन आंदोलन में कूद पड़े। जगह-जगह प्रदर्शन कर भारत बंद के समर्थन में आवाज बुलंद की। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को राष्ट्रपति तक पहुंचाया। सभी की एक ही मांग थी कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों बिलों को निरस्त किया जाए और न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया जाए।
समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में सपा कार्यकर्ताओं की ओर से सोमवार को कृषि बिल के विरोध में और किसानों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से कृषि उत्पादन मंडी समिति में प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी ने कहा कि दमनकारी सरकार में किसानों का शोषण हो रहा है, देश और प्रदेश के किसान सरकार से बदला जरूर लेंगे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव ने कहा कि सरकार ने किसान विरोधी बिल पास किया है। इस मौके पर पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव, रणजीत सुमन, अमित टीटू यादव, अजय यादव, जिला महासचिव भूपेंद्र प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष तहसीलदार सिंह बघेल, अनिल सागर, रंजीत यादव, अनिल यादव प्रधान, वेद यादव, सर्वेश यादव मौजूद रहे।
जन अधिकार पार्टी ने कृषि कानून, नई शिक्षा नीति और श्रम नीतियों के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री को सौंपा गया। इसमें जिला महासचिव शिवदर्शन पाल, शंकर लाल, पुष्पेंद्र कुशवाह, किशनवीर, ओसपाल, संग्राम सिंह आदि मौजूद रहे। जिला किसान कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसमें भारत बंद के समर्थन का एलान करते हुए सरकार से तीनों कृषि बिल निरस्त करने की मांग उठाई गई। इसमें जिलाध्यक्ष अमित कुमार, प्रदेश सचिव मो. इरफान, विकास गौतम, ठाकुर अनिल सोलंकी, गुलाम मुस्तफा, रियाज अब्बास, अशोक पालीवाल, डॉ. योगेश आदि मौजूद रहे।
वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में कलक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसमें कृषि बिलों को निरस्त करने सहित हर वोटर को छह हजार रुपये दिए जाने की मांग की गई। इसमें जिलाध्यक्ष मदन कुमार, प्रदीप कुमार, पवन यादव, महीपाल सिंह, रामनिवास यादव, मेघ सिंह बघेल, प्रफुल्ल यादव, शिकांत चौधरी, अभिषेक, ब्रजराज सिंह और जयेश यादव मौजूद रहे। वहीं भारतीय किसान यूनियन (किसान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर के नेतृत्व में अवागढ़ के किसानों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौररान पवन और राष्ट्रीय महासचिव शिव प्रताप सिंह की एडीएम अलंकार अग्निहोत्री से तीखी नौकझोंक हुई। पुलिस और प्रशासन के रवैया से खफा किसानों ने मंगलवार को माया पैलेस चौराहा पर जाम लगाने का एलान किया। इस दौरान दीपक चौहान, हर्ष गुप्ता आदि रहे।