कासगंज के जिला अस्पताल पर प्रदर्शन करते एंबूलेंस कर्मी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एंबुलेंस कर्मियों ने समय से वेतन और बढ़ा वेतन नहीं मिलने पर जिला अस्पताल पर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। समस्या से संबंधित ज्ञापन एंबुलेंस कर्मियों ने डीएम को को सौंपा। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शन करते हुए एंबुलेंस कर्मियों ने कहा कि पूर्व में हड़ताल के बाद सेवा प्रदाता कंपनी जीवीके ईएमआरआई के अधिकारियों ने श्रम विभाग की मौजूदगी में समझौता में कहा था कि कर्मियों को वेतन प्रत्येक माह की पांच से 10 तारीख के बीच दे दिया जाएगा।
इसके बावजूद कर्मियों को समय से वेतन नहीं मिल रहा हैं। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस कर्मी 15 जनवरी से काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करेंगे। यदि बढ़ा हुआ मानदेय नहीं दिया गया तो एंबुलेंस कर्मी मजबूर होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। इस दौरान एंबुलेंस कर्मी अखिलेश कुमार, सुनील कुमार, मालिकराम, मनिकचंद्र, रामसागर, चित्रांशु, रजनेश कुमार, विमलेश, सुरेंद्र, चंद्रकांत, परमवीर, अरविंद, मुनेंद्र, संजीव कुमार, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।