एटा। दो माह पहले अवागढ़ के पास अपर जिला जज की कार और एक ट्रैक्टर की टक्कर में उनके पिता व चालक की मौत हो गई थी। जज भी घायल हो गए थे। शुक्रवार को उन्होंने अवागढ़ थाने में गाड़ी में से मोबाइल व नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिविल लाइन स्थित ऑफिसर कॉलोनी निवासी एडीजे अशोक कुमार ने शुक्रवार शाम थाने में दी तहरीर में बताया कि नवंबर माह में वह अपने पिता राममंदिर बरनवाल व चालक चंद्रकेश, अर्दली राजपाल के साथ टूंडला रेलवे स्टेशन जा रहे थे। अवागढ़ के पास एक ट्रैक्टर से कार की भिड़ंत हो गई। इसमें पिता व चालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि वह और अर्दली घायल हो गए। उनका उपचार आगरा के एक नर्सिंग होम में चल रहा था। स्वस्थ होने के बाद उन्हें जानकारी हुई कि उनकी कार से उनके दो मोबाइल, नकदी कोई चुरा ले गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।