एटा। जश्न-ए-ईद मीलादुन्नबी सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर से लेकर कस्बों में जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाले जाएंगे। इसके लिए रविवार को पूरे दिन तैयारियां चलीं। मुस्लिम इलाकों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
शहर में जीटी रोड स्थित एक कार्यालय पर सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी नाजिम अली की अध्यक्षता में बैठक हुई। अंजुमन गुलामाने रसूल के तत्वावधान में निकाले जाने वाले जुलूस को लेकर चर्चा की गई। नाजिम अली ने बताया कि 16 सितंबर को सुबह 8:30 बजे होली मोहल्ला स्थित फय्याज गेस्ट हाउस से जुलूस प्रारंभ होगा। डीएम, एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
कफील अहमद ने अपील करते हुए कहा कि खुशी के इस पर्व पर लोग अपने घरों, गलियों और मोहल्लों में आकर्षक सजावट करें। तोरण द्वार लगवाएं और विभिन्न स्थानों पर पेयजल, मिष्ठान वितरण की व्यवस्था करें। हाजी कशिश एटवी, डॉ. विकास सक्सेना, अबरार अहमद, अफसर हुसैन, विक्रांत माधौरिया, हामिद अली, नवनीत कुमार आदि मौजूद रहे।
मारहरा में पर्व काे लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जगह जगह लगी दुकानों पर झंडे, टोपी, चांद सितारों को खरीदने वालों की भीड़ जुट रही है। घरों की छतों को इस्लामिक झंडों से सजाया गया है। सोमवार को हजरत सैय्यद शाह नजीब हैदर नूरी के नेतृत्व में जुलूस निकाला जाएगा। अगुवाई हाफिज मोहम्मद रिजवान, हाफिज चांदनवी, हाफिज मौहज्जम, हाफिज बकील करेंगे।
सकीट में भी हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया जाएगा। जुलूस के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इमाम सरवर अली ने बताया कि 16 सितंबर को जुलूस नगर के मोहल्ला काजी के सावलात तिराहे से प्रारंभ किया जाएगा। निर्धारित मार्गों से होते हुए वापस सावलात तिराहे पर ही समापन होगा।