एटा। सोमवार को बस स्टैंड के बाहर से प्राइवेट बस चालक द्वारा दिल्ली के लिए सवारियां भरने पर जमकर हंगामा हुआ। रोडवेजकर्मी भड़क गए। नोकझोंक होने के साथ बस को परिसर में खड़ी करा लिया। मनमानी से गुस्साए रोडवेज कर्मियों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान एक ट्रक चालक के साथ हाथापाई भी कर दी गई। मौके पर पहुंचे एआरटीओ ने बस को सीज कर दिया है।
जीटी रोड पर रोडवेज बस स्टैंड के बाहर और एटा क्लब के सामने हर समय प्राइवेट बसें और डग्गामार वाहन खड़े रहते हैं। यह वाहन यहीं से कासगंज, अलीगंज, मैनपुरी, सहावर, शिकोहाबाद, आगरा, सिकंदराराऊ व अन्य जगहों के लिए सवारियां भर कर ले जाते हैं। इनकी देखादेखी रोडवेज बस चालक भी बस स्टैंड परिसर के बजाय रोड पर ही बसें खड़ी कर सवारियां भरते हैं। इससे हर समय यहां जाम के हालात बने रहते हैं। सोमवार की सुबह पौने नौ बजे के लगभग एक प्राइवेट बस चालक दिल्ली के लिए सवारियां भर रहा था। यह देख यहां मौजूद रोडवेजकर्मी और चालक परिचालक भड़क गए। उनका कहना था कि अभी तक यह प्राइवेट बस चालक आसपास के इलाकों तक ही अपने वाहन दौड़ा रहे थे, लेकिन आज उन्होंने दिल्ली तक की सवारियां उठाना शुरू कर दिया। इससे निगम को राजस्व की हानि उठानी पड़ रही है।
इसी बात को लेकर रोडवेज कर्मियों ने प्राइवेट बस को आगे नहीं बढ़ने दिया और उसमें बैठी सवारियों को उतारकर बस को बस स्टैंड परिसर में खड़ी करा दिया। इससे विवाद की स्थिति बन गई। बाद में बसें और ट्रक को आड़ा तिरछा खड़ा कर जीटी रोड पर जाम लगा दिया। इस पर प्राइवेट बस चालकों ने ट्रक चालक को वहां से हटने के लिए कहा, लेकिन जब उसने ट्रक नहीं हटाया तो उसके साथ हाथापाई तक कर दी। जानकारी लगते ही पुलिस और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव यादव मौके पर पहुंच गए और समझा बुझाकर कुछ देर बाद जाम खुलवा दिया। एआरटीओ ने प्राइवेट बस को सीज कर दिया है।
आदेशों के बाद भी बाहर नहीं गए प्राइवेट बस अड्डा
एटा। तत्कालीन जिलाधिकारी लोकेश एम ने जीटी रोड पर लगने वाले जाम और शहर के अंदर प्राइवेट बस अड्डे होने पर इन्हें शहर के बाहर स्थापित करने के आदेश दिए थे। इसके लिए सहावर रोड, अलीगंज रोड, आगरा रोड, शिकोहाबाद रोड, कासगंज रोड, निधौली रोड आदि स्थानों पर इनके स्थान भी चिन्हित कर दिए थे, लेकिन आज तक यह बाहर नहीं गए हैं। जीटी रोड पर ही वाहन खड़ा कर सवारियां भर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं करती।
चार कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी, एआरएम भी रहेंगे मौजूद
एटा। जीटी रोड पर बस स्टैंड के बाहर प्राइवेट बस चालक बसें खड़ी कर सवारियां न भरें। इसे रोकने के लिए चार रोडवेज कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, वहीं एआरएम भी सुबह आठ बजे से लेकर सायं पांच बजे तक बस स्टैंड पर ही मौजूद रह कर इन पर नजर रखेंगे। रोडवेज डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार यादव ने बताया कि पुलिस की मदद से बस स्टैंड के बाहर प्राइवेट बसों के संचालन को रोका जाएगा।
तीन बस और15 दुपहिया वाहनों के काटे चालान
एटा। जीटी रोड पर हो रही डग्गामारी के बाद हरकत में आई ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया। टीएसआई ब्रह्मप्रकाश यादव ने बताया कि चेकिंग के दौरान तीन प्राइवेट बसों के अलावा 15 दुपहिया वाहनों के चालान काट कर तीन हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।