एटा। जिला कारागार में निरुद्ध हत्यारोपी बंदी की तबियत लंबे समय से खराब चल रही थी। पिछले सप्ताह बंदी की तबियत ज्यादा बिगड़ने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। यहां पर बंदी की मौत हो गई। कोतवाली नगर पुलिस ने हत्यारोपी धनपाल सिंह (45) पुत्र डोरी लाल निवासी खुसालपुर थाना बरहन जिला आगरा को 13 अगस्त 219 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वह पहले से ही डायबिटीज और सांस रोग से पीड़ित था। जेल अस्पताल में नियमित इलाज चल रहा था। तबियत खराब होने पर 17 मई को कोरोना जांच कराई गई थी, इसमें निगेटिव आया। वहीं इससे पहले पीजीआई लखनऊ, सैफई में भी इलाज चला। छह जून को फिर तबियत खराब हुई तो बंदी को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
यहां पर उसके परिजन भी साथ रहे। सैफई कॉलेज में इलाज के दौरान बंदी की शनिवार रात को मौत हो गई। जिला कारागार अधीक्षक पीपी सिंह ने बताया है कि बंदी डायबिटीज और सांस रोग से पीड़ित था। उसका इलाज सैफई में चल रहा था, यहां पर उपचार के दौरान मौत हुई है।