नये साल के जशभन पर भले ही पुलिस का पहरा हो, लेकिन युवा जमात इसके जश्न में डूबने की तैयारी में लगी है। डीजे और हलवाई बुक हो चुके हैं। शहर के कई पार्क में रंगारंग कार्यक्रम कराने की तैयारी चल रही है। सोशल मीडिया के दौर में भी गिफ्ट गैलरी में ग्रीटिंग कार्ड की भरमार है। इसकी जमकर बिक्री भी होती दिखी।
नव वर्ष 2017 के स्वागत की तैयारी में नई पीढ़ी लगी है। शहर के कई पार्को में नववर्ष की पूर्व संध्या पर रंगारंग कार्यक्रम और डीजे की धुनों पर थिरकने की तैयारी की गई है। हालांकि पुलिस ने रात दस बजे के बाद डीजे बजाने पर पाबंदी लगा दी है, लेकिन युवाओं को कहना है कि जब पुलिस आएगी तो डीजे बंद करा दिया जाएगा। वहीं होटल, ढाबों पर भी नववर्ष के जश्न की तैयारी है।
इसके अतिरिक्त इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में ग्रीटिंग कार्ड की जमकर बिक्री हो रही है। गिफ्ट गैलरी के संचालक निवास सिंह ने कहा कि सोशल साइट आने के बाद अब लोगों में ग्रीटिंग कार्ड का क्रेज खत्म होने लगा है, लेकिन अभी ग्राटिंग कार्ड खरीदे जा रहे हैं। बाजार में कंपिनयों ने एक से बढ़ कर एक ग्रीटिंग बाजार में उतारे हैं। सबसे ज्यादा बिक्री आर्टिफिशियल गुलाब के फूल, इलेक्ट्रानिक ग्रीटिंग्स की है। इसे खोलने पर हैपी न्यू ईयर की आवाज सुनाई देती है।