एटा। भारत सरकार के निर्देशानुसार पीएम स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने पर 30 जून तक निकाय स्तर पर लोक कल्याण मेला आयोजित किया जाएगा। मेले के माध्यम से नए पथ विक्रेताओं के ऑनलाइन आवेदन, ऋण स्वीकृति एवं ऋण वितरण की प्रक्रिया को गति देने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
मारहरा ब्लॉक परिसर में निकाय मारहरा व मिरहची के बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ बीएलबीसी (बैंकर्स लेवल बैंकिंग कमेटी) बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड विकास अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक डूडा के शहर मिशन प्रबंधक व विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधकों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए शहर मिशन प्रबंधक राकेश कुमार ने केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक व सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधकों को लोक कल्याण मेला के आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कहा कि योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराना है।