सोमवार दोपहर अलीगंज रोड स्थित गांव पवांस नहर के पास प्राइवेट बस और भूसे से भरा ट्रक आपस में टकरा गए। हादसे में प्राइवेट बस में सवार 50 से अधिक यात्री घायल हो गए। गंभीर रुप से घायल सोलह सवारियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चालक की हालत गंभीर देख आगरा रेफर कर दिया है। सूचना के बाद भी पुलिस के नहीं पहुंचने पर आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए जाम लगा दिया।
सोमवार सुबह एटा से प्राइवेट बस सवारियों को लेकर फर्रुखाबाद जा रही थी। बस में सवार यात्री जीआईसी निवासी अनुराधा ने बताया कि चालक काफी तेज गति से बस लेकर जा रहा था। दूसरी तरफ ट्रक चालक भी काफी तेज गति से ट्रक आ रहा था। दोपहर करीब बारह बजे अलीगंज रोड स्थित गांव पवांस नहर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही बस और ट्रक आपस में भिड़ गए। टक्कर लगने से सवारियों में चीख-पुकार मच गई। इस दौरान करीब पचास से अधिक सवारियां घायल हो गई। चीख-पुकार की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देते हुए बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस के देरी से पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
---------
यह लोग हुए घायल
मुनीश, इनकी पत्नी रीना निवासी दूनेनगर उझानी बदायूं, चंद्रपाल निवासी बरौलिया जैथरा, उदयवीर निवासी जमलापुर बागवाला, शिवम, इनकी मां ग्यानदेवी निवासी नगला मुई कोतवाली देहात, नेकशू खॉ निवासी मझौला पटियाली, अवरार निवासी मोहल्ला काजी सकीट, मौहर निवासी फर्रुखाबाद, गुरवचन निवासी केसरपुर जैथरा, अनुराधा पुत्री प्रकाश चंद्र निवासी जगन्नाथपुरी, चालक सचिन निवासी मायाचक जैथरा, बोहरे मियां निवासी शमशाबाद फर्रुखाबाद, रिषी निवासी डोरी नगर, केदारी सिंह निवासी नगला माली थाना गांधी पार्क अलीगढ़, रामवीर निवासी धिरामई मिरहची शामिल हैं।