मिरहची। कस्बे और देहात क्षेत्र की बिगड़ी बिजली व्यवस्था को लेकर बुधवार की रात को महिलाओं ने बिजली घर पर जबरदस्त हंगामा किया था। बिजलीघर पर तैनात गार्ड को खदेड़ दिया था। महिलाओं के हंगामा किए जाने के बाद बिजली व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।
महिलाओं से पहले बुधवार के दिन में गुस्साए ग्रामीणों ने कस्बा पहुंचकर बिजली घर पर हंगामा करते हुए एसडीओ और जेई को बंधक बनाया था। ग्रामीणों के आक्रोश को देख विद्युत निगम के अधिकारियों में हलचल पैदा हो गई थी। ग्रामीणों का पारा चढ़ता देख व्यवस्थाओं में सुधार किया है।
विभाग हरकत में आया और बृहस्पतिवार शाम से ही लोड के अनुसार रोटेशन खत्म कर निर्बाध आपूर्ति शुरू कर दी गई जो शुक्रवार रात बिना किसी बड़ी कटौती के बिजली आती रही।
निर्बाध बिजली मिलने से किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। किसानों का कहना है कि समय पर बिजली मिलने से उनकी फसलों को जीवनदान मिल गया है। वहीं ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है। क्षेत्र के चिंटू उपाध्याय, शीलू वर्मा, अंकित शर्मा, धर्मेंद्र लोधी, आलेश लोधी, तारा चंद्र, वीरपाल सिंह, योगी, खूबचंद्र आदि ने कहा कि अगर यही व्यवस्था बनी रही तो उन्हें आगे आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। संवाद