बंबे में पानी न आने और अव्यवस्थित बिजली व्यवस्था को लेकर ग्राम नगवाई, दिलोखरा आदि दर्जन भर गांव के ग्रामीणों ने दिलोखरा बंबे पर जलेसर - सादाबाद मार्ग पर पंाच घंटे जाम लगाया। जाम लगने से दर्जनों वाहनों की कतार लग गई। एसडीएम संदीप गुप्ता, सीओ राघवेंद्र चौहान के आश्वासन पर माने ग्रामीण।
बिजली अव्यवस्था के चलते पानी का संकट है। बंबों और रजबहा में पानी नहीं आने से फसलें सूख रही हैं। परेशान ग्रामीणों ने जलेसर-सादाबाद मार्ग पर सुबह दस बजे जाम लगा दिया। इससे वाहनों की कतार लग गई। लोगों को असुविधा हुई। ग्रामीणों ने रास्ते में कांटे लगाकर रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया। कई राहगीरों से तो झगड़ा भी हुआ। जाम लगा रहे ग्रामीण पप्पू यादव, ओमप्रकाश यादव ने बताया कि पिछले दो सालों में फसलें चौपट हो चुकी हैं। बिजली और नहर विभाग की लालफीताशाही के चलते इस वर्ष भी फसलें चौपट होने के कगार पर हैं।
पांच घंटे तक चले जाम के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम संदीप गुप्ता, सीओ पुलिस राघवेन्द्र सिंह ने नहर विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि 24 घंटे में बंबे में पानी आ जाएगा। इस दौरान दिनेश यादव, विमल यादव, शहवीर सिंह, ओमप्रकाश, सोनी यादव, नहना सिंह, शेलू यादव, नीरेश यादव, धीरू यादव आदि ग्रामीण मौजूद थे।