एटा। फर्जीवाड़े के मामले में साल भर पहले अलीगंज खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उसका स्थानांतरण भी दूसरे ब्लॉक में कर दिया गया। हालांकि, वह अलीगंज में ही तैनात है। शिकायतकर्ता की ओर से इस पर आपत्ति की जा रही है।
मामला एक महिला की टीसी जारी किए जाने को लेकर उठा था। जिला शाहजहांपुर के गांव पहाड़पुर निवासी सुभाष चंद्र ने शिकायत की थी। इसमें आरोप था कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिल्सड़ पछायां विकासखंड अलीगंज से सीमा के नाम की फर्जी टीसी बनाई गई।
जिसके आधार पर उसने शाहजहांपुर में नौकरी हासिल कर ली। मामले की जांच हुई, इसमें अधिकारियों ने माना कि इस विद्यालय के तत्कालीन प्रधानाध्यापक ओमवीर सिंह ने खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में तैनात संविदा सहायक लेखाकार अमित कुमार से मिलकर कक्षा 9 का फर्जी अंक पत्र व टीसी बनाई। तत्कालीन बीईओ सुरेंद्र कुमार अहिरवार ने इन दोनों व सीमा के विरुद्ध राजा का रामपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
कुछ महीनों बाद बीएसए कार्यालय से संविदा सहायक लेखाकारों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया। इसके तहत अमित कुमार को अलीगंज से निधौली कलां भेजा गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह अभी भी अलीगंज में ही तैनात हैं।
बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि संविदा कर्मियों के स्थानांतरण किए गए थे, लेकिन ये लोग हाईकोर्ट से स्टे ले आए। फर्जीवाड़ा वाले मामले और एफआईआर की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है। इसको दिखवाया जाएगा।