एटा। थाना जैथरा में एक महिला ने बुधवार को आसिफ निवासी नगला अमर सिंह सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि इन लोगों ने मंगलवार की देर शाम उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में लग गई है।
पीड़ित किशोरी की मां ने बताया कि मंगलवार की देर शाम नाबालिग पुत्री खेत पर शौच के लिए गई थी। उसी समय गांव नगला अमर सिंह निवासी आशिक, नौशाद और नजर ने उसको पकड़कर खींच लिया और मुंह बंद करके खेत में ले गए। वहां इन तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। काफी देर बाद किशोरी जब घर लौटी तो परेशान दिखाई दे रही थी। कुछ देर बाद उसने रोते हुए अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी।
जिसके बाद थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ अलीगंज सुधांशू शेखर ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना जैथरा से पुलिस टीम बनाकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही इनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।