तीसरे चरण में पटियाली- सिढ़पुरा विकास क्षेत्र में मतदान के दौरान 320 बूथों में से आठ मतदान केंद्रों को छोड़कर शांति पूर्वक मतदान हुआ। पुलिस ने एक मतदान केंद्र पर गाड़ी से तीन तमंचे, कारतूस बरामद किए। दो मतदान केंद्रों पर गोली और पत्थर लगने से महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। प्रत्याशी और उनके समर्थकों से सवा लाख की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने गड़बड़ी करने वालों पर लाठियां फटकारी।
पटियाली के नगला पन्नी मतदान केंद्र पर मतदान शुरू होने के साथ ही पथराव- मारपीट हो गई। इसके बाद प्रत्याशी शिवेंद्र के समर्थक एक गाड़ी में मतदान केंद्र से जाने लगे। इसी बीच जिलाधिकारी के विजयेंद्र पाडिंयान, एसपी हिमांशु कुमार का काफिला वहां आ गया। बिना वाहन पास की गाड़ी को देखकर उसे रोक लिया तलाशी में गाड़ी से तीन तमंचा, दर्जन भर कारतूस बरामद हुए। गाड़ी चला रहे अतुल को दबोच कर मतदान केंद्र लाया गया। चालक के जानकारी देे पर प्रत्याशी शिवेंद्र, विशाल विनीत को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उनके पास से नकदी बरामद हुई। पुलिस ने गांव में तलाशी कराकर पथराव करने वाले एक ग्रामीण आवेश को हिरासत में ले लिया। नीवलपुर मतदान केंद्र पर वोट को लेकर मारपीट हो गई। इसके बाद पथराव हो गया। सूचना पर पहुंचे डीएम, एसपी ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण में किया। अधिकारियों का काफिल आता देख भगदड़ मच गई। पुलिस अधिकारियों ने लाठियां फटकार कर स्थिति को नियंत्रित किया। एक बाइक चालक बाइक को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने यहां से प्रत्याशी पुष्पेंद, सतेंद्र, दिनेश, सुबोध कुमार, सीआरपीएफ कर्मी राजेश कुमार को दबोचा। जब डीएम एसपी का काफिला बिजोरी स्वर्गदारी से ताजपुर तिगरा की ओर जा रहा था तभी एक बिना वाहन पास की गाड़ी को देखकर रोका गया तो इसमें शराब के दो क्वाटर बरामद हुए। पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। इसमें सवार ककराला निवासी रिंकू-बरईपुर निवासी विपिन को हिरासत में ले लिया गया।
ग्राम राजारिजोला में मतदान के दौरान गांव के ही मनोजअपना वोट डालने बूथ पर पहुंचा तो पुलिसकर्मी से कहासुनी हो गई। पुलिसकर्मी ने उसे पीट दिया इसके बाद वह अपने घर आकर असलाह लेकर बूथ की तरफ आने लगा उसकी पत्नी सोनी ने रेाका तो गोली चल गई जो महिला के पेट में जा धंसी। महिला को अस्पताल ले जाया गया।
ढकपुरा में मतदान केंद्र पर मृतका मधु के वोट डालने केा लेकर विवाद हो गया। रूम सिंह, सुधीर ने विरोध किया तो प्रत्याशी ब्रजेश और उसके समर्थक सद्दाम, सतेंद्र, बुद्ध ने बूथ पर पथराव शुरू किया, गोली भी चल गई। रूम सिंह पत्थर और सुधीर गोली लगने से घायल हो गया। दरियावगंज इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर दो पक्षों में नोकझोंक हुई। दरियावगंज गांव में फर्जी मतदान को लेकर विवाद हुआ। दयौरेया नगला गनेश के मतदान केंद्र पर शाम 4 बजे अचानक ग्रामीणों ने मतदान केंद्र को घेर लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंच लाठियां फटकारी।
सिढ़पुुरा के ग्राम पंचायत गोपालपुर के मतदान केंद्र सिरोरी पर भी वोट डालने को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। नगला कोठी में पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरावल कोठी में मतपेटिकाओं में पानी डालने की योजना बनाकर मतदान स्थल को घेर लिया। एडीएम बाल मयंक मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर सिढ़पुरा ओमप्रकाश सिंह ने एडीएम के निर्देश के बाद लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। पटियाली के सिंकदरपुर मनेना में मतदान समाप्त होते ही दो प्रत्याशियों के भिड़ गए। जिससे दोनों पक्षों में पथराव हो गया। जिसमें कई लोग चुटैल हो गए।