अलीगंज पुलिस की गिरफ्त में हत्या का प्रयास करने के आरोपी
- फोटो : ETAH
एटा। थाना व कस्बा अलीगंज में शुक्रवार की रात करीब आठ बजे गैंगवार हो गया था, पुलिस ने गैंगवार करने वाले दो हिस्ट्रीशीटरों सहित एक सक्रिय अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो की हिस्ट्रीशीट थाना अलीगंज पर खुली हुई है और दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि शुक्रवार को कस्बा अलीगंज में दो गुटों में हुए गैंगवार में गैंगस्टर कन्हैया शर्मा गोली लगने से घायल हो गया था। जिसकी रिपोर्ट कन्हैया शर्मा की पत्नी दीपा शर्मा निवासी मोहल्ला शेखमीरा कस्बा व थाना अलीगंज ने तीनों अपराधियों के खिलाफ दर्ज कराई थी।
वहीं शनिवार को इलाका पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश अकबरपुर कोट के पास वारदात करने के इरादे से एकत्रित हो रहे हैं। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ रात करीब 11 बजे पहुंचे और बदमाशों को ललकारा। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, इसमें पुलिस पार्टी बाल-बाल बच गई। पुलिस ने घेराबंदी करके अभय दीक्षित निवासी मैन मार्केट कस्बा व थाना अलीगंज, कृष्णा गौतम निवासी नगला पड़ाव कस्बा व थाना अलीगंज और मानू गुप्ता निवासी मोहल्ला छेदालाल गौड़ कस्बा व थाना अलीगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों से तीन तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधी हैं तीनों
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि अभय दीक्षित और कृष्णा गौतम थाने के हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं जो जिला व आस पास के जनपद फर्रुखाबाद, कासगंज, मैनपुरी, फिरोजाबाद आदि में लूट, डकैती जैसे अपराध करते हैं। इनके विरुद्ध जिला एवं अन्य जनपदों में दर्जनों अभियोग पंजीकृत हैं। मानू गुप्ता सक्रिय अपराधी है जो लूट एवं अन्य जघन्य अपराध करता आ रहा है। थाना अलीगंज पर अभय दीक्षित की एचएस नंबर 10ए और कृष्णा गौतम की एचएस 124ए खुली हुई है। अभय दीक्षित के खिलाफ 16, कृष्णा गौतम के खिलाफ आठ और मानू गुप्ता के खिलाफ चार मुकदमा विभिन्न थानों पर दर्ज हैं।