एटा। घंटाघर स्थित सब्जी मंडी के पास नाला पूरी तरह से चौक हो गया है। इसकी वजह से सड़क पर जलभराव हो रहा है। वहीं जलभराव की वजह से ग्राहक फड़ों तक नहीं आ पा रहे हैं। इससे दुकानदार परेशान हैं।
घंटाघर बाजार में स्थित सब्जी मंडी वाली गली में नाला चौक होने की वजह से जलभराव हो रहा है। इसकी वजह से दुकानदारों को तो परेशानी हो ही रही है, वहीं ग्राहक भी सब्जी लेने के लिए दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जबकि नगर पालिका ने यहां पर सड़क का उच्चीकरण कराने के लिए इंटरलॉकिंग ईंट भी रखवा दी हैं, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। दुकानदारों ने अपने दुकानों के आगे ईंटों को रख लिया है जिस पर ग्राहक खड़े होकर खरीदारी कर रहे हैं।
रविवार को रहती है ज्यादा भीड़
रविवार को अवकाश के दिन चलते अधिकांश लोग सप्ताह भर की सब्जी को यहीं से खरीदकर ले जाते हैं। जलभराव के कारण ग्राहक बाजार में नहीं पहुंच पाए। वहीं मेहता पार्क की ओर से जो लोग आए भी उनके समक्ष वाहन खड़ा करने की समस्या रही। इससे लोगों को मायूस होकर रेलवे रोड और जीटी रोड पर लगे फड़ों से सब्जी आदि खरीदनी पड़ी।
नाला चौक होने की वजह से गंदा पानी सड़क पर आ जाता है, जिससे न तो ग्राहक दुकान पर आ पाते हैं और न ही कोई यहां से निकल पाता है।
- परवेज, दुकानदार
नाली चौक होने की वजह से यहां पर गंदा पानी भरा है, जिससे लोगों को निकलने में परेशानी हो रही है। वहीं सब्जी मंडी में भी लोग नहीं आ जा पा रहे हैं।
- लकी, दुकानदार
खबर का जोड़... घंटाघर में नाली चौक
खबर का जोड़... घंटाघर में नाली चौक
घंटाघर पर जलभराव को दूर करने के लिए नाले और नालियां साफ करा दी जाएंगी। वहीं इंटरलॉकिंग का कार्य जल्दी ही शुरू करा दिया जाएगा। इंटरलॉकिंग का काम होने के बाद जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
- डॉ. दीप वार्ष्णेय, ईओ, नगर पालिका
पुलिस लाइन में नाली चौक होने से जलभराव
जेल रोड स्थित पुलिस कंट्रोल रूम कॉलोनी में नाली चौक होने की वजह से गली में जलभराव हो रहा है। लोगों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवास के आसपास भी जलभराव हो रहा है जिसकी वजह से तमाम गंदगी और बीमारियां पनप रही हैं। लोगों ने नगर पालिका से यहां नालियों की सफाई कराने को कहा है।