एटा। नगर क्षेत्र की प्रधानमंत्री आवास योजना में कई अपात्र मिलने के बाद अब सतर्कता बढ़ाई गई है, जो नए आवेदन आए हैं, उन आवेदकों की तीन स्तर पर जांच कराई जाएगी। डूडा और नगर पालिका के अलावा तहसील से भी भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट ली जाएगी। इसके बाद ही उनके आवेदन पर निर्णय होगा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. दीप वार्ष्णेय ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 824 लोगों ने आवेदन किया है। इनको योजना में शामिल करने से पहले भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा तीन स्तरीय जांच कमेटी गठित की गई है।
जिसमें तहसील, नगर पालिका और डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) के कर्मचारी शामिल होंगे। भौतिक सत्यापन पूरा होने के बाद उनके नाम पात्रता सूची में दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भौतिक सत्यापन के दौरान देखा जाएगा कि किसी आवेदक का पहले से मकान तो बना हुआ नहीं है या उसकी आय अधिक होने के बावजूद आवेदन तो नहीं कर दिया। यह भी देखा जाएगा कि उसके पास निर्माण कराने के लिए मानक के अनुसार अपनी जमीन उपलब्ध है या नहीं।