नगर पालिका के गेट के बाहर जीटी रोड पर लगे हाथठेला । संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। शहर में कई जगहों पर अतिक्रमण के अड्डे बना लिए गए हैं। यह अतिक्रमण कहीं बालू-चंबल का है तो कहीं सड़क पर ही पथ विक्रेताओं के ठेल-ढकेल लगाने की छूट के कारण हो रहा है। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन स्थानों पर दिन में बार-बार जाम लगता है। वहीं नगर पालिका भी इसको लेकर अनजान बनी हुई है। अतिक्रमण करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अतिक्रमण हटवा भी दिया जाए तो एक-दो घंटे बाद फिर से सड़क पर वही स्थिति बन जाती है।
जीटी रोड पर बीच सड़क पर डाल दी गिट्टी
शहर के जीटी रोड स्थित गोशाला के पास एक गेस्ट हाउस के सामने ही अतिक्रमण कर लिया गया है। यहां बीच सड़क पर गिट्टी-चंबल डाल दी गई है, जिससे वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। जबकि रात के अंधेरे में तो दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है, लेकिन प्रशासन इसे लेकर अनजान बना हुआ है।
पालिका से अलीगंज तिराहा तक है अतिक्रमण
शहर के जीटी रोड पर ही पालिका के मुख्य दरवाजे से लेकर अलीगंज तिराहा तक पथ विक्रेता अतिक्रमण किए हुए हैं। वहीं सदर तहसील के सामने तो यह हाल है कि कुछ वाहन ज्यादा आते ही जाम की स्थिति बन जाती है। पालिका द्वारा इन पर कोई कार्रवाई काफी समय से नहीं की गई है। जबकि सदर तहसील में प्रशासनिक अधिकारियों का आवागमन लगा रहता है।