बस स्टैंड पर नाले में भरा कूड़ा
- फोटो : बस स्टैंड पर नाले में भरा कूड़ा
एटा। जिला मुख्यालय पर स्थित रोडवेज बस स्टैंड के सामने नाला कूड़ा-करकट से अटा पड़ा है। जिसकी वजह से बदबू उठती रहती है और यहां आने वाले यात्री बीमार पड़ रहे हैं। स्टेशन प्रभारी ने बताया कि कई बार नगर पालिका में इस समस्या को लेकर शिकायत की गई, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके कारण नाले में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
बस स्टैंड के सामने से होकर बहने वाले नाले में कूड़े-करकट का अंबार लगा हुआ है। जिसके कारण यहां आने वाले राहगीरों व यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नाले को ऊपर ढका भी नहीं गया है, जिसके चलते आसपास बिकने वाला खाद्य पदार्थ भी दूषित हो रहा है। खुले नाले से हर वक्त बदबू उठती रहती है। इसके अलावा यहां एक मंदिर भी है। कुछ यात्री और राहगीर यहां बैठकर बस का इंतजार करते हैं।
गंदगी व कूड़े में पनपने वाले कीड़े इन लोगों को काट लेते हैं। जिसकी वजह से यह लोग बीमारी का शिकार हो रहे हैं। स्टेशन प्रभारी अजयपाल सिंह ने बताया कि कई बार नगर पालिका में शिकायत शिकायत की गई, मगर कोई सुनवाई नहीं होती। कभी-कभी सफाई कर्मचारी आते हैं और सफाई के नाम पर खानापूर्ति करके चले जाते हैं। जिसके चलते नाले में कूड़े का अंबार ही लगा रहता है। पालिकाध्यक्ष सुधा गुप्ता का कहना है कि सभी नालों की लगातार सफाई का कार्य किया जा रहा है। कहीं काेई समस्या नहीं आने दी जाएगी।