जलेसर। सिकंदराराऊ रोड पर लखमीपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर उधारी के रुपये मांगने पर सेल्समैन और मालिक पर लोहे की रॉड से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
सेल्समैन अनिल उर्फ नीलू ने बताया 19 दिसंबर को गांव लख्मीपुर का राहुल 1600 रुपये का डीजल उधार ले गया था। राहुल के मंगलवार को पेट्रोल पंप पर आने पर सेल्समैन ने उधारी के रुपये मांगे। इस पर वह गांव जाने के बाद शाम करीब आठ बजे बाइक से अपने साथी पोपेंद्र के साथ आया और सेल्समैन से विवाद करने लगा। विवाद करते हुए उसने बाइक को जमीन पर गिराते हुए उसमें आग लगाने की धमकी देने लगा। इतने में राहुल के भाई सुनील और मुकेश लोहे की रॉड लेकर आ गए और हमला कर दिया।
सेल्समैन पर हमला होने पर पेट्रोल पंप मालिक रामप्रकाश आकर बीच बचाव का प्रयास करने लगे। हमलावरों ने पेट्रोल पंप मालिक पर भी हमलाकर लहूलुहान कर दिया। हंगामा होने पर लोगों के एकत्रित होने पर हमलावर धमकी देते हुए चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सेल्समैन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।