पिछले माह कुंवरपुर में हुई महिला की हत्या के मामले में गांव नगला बनुआ की महिलाओं और ग्रामीणों ने एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस घटना में आरोपी महिला के ससुराल वालों से मिल गई है और उनकी गिरफ्तारी नहीं कर रही हैं।
बता दें गांव कुंवरपुर में रेखा को उसके ससुरालों वालों ने मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया था। मायके वालों रेखा के पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ थाने पर मामला दर्ज कराया गया था। गांव नगला बनुआ निवासी रेखा के भाई वंपी ने बताया कि उन्होंने 2009 में रेखा की शादी कुंवरपुर के प्रदीप कुमार के साथ की थी। उसके ससुराल वाले शादी में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और उसके साथ मारपीट करते रहते थे। हत्या से दो दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। राजनीतिक दबाव में थाना मिरहची पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है और आरोपी खुले घूम रहे हैं। रेखा की बेटी अंशिका को भी उन्होंने गायब कर दिया है। बाद में कार्रवाई के लिए एसएसपी को ज्ञापन दिया। प्रदर्शन करने वालों में नीलम, राधा, पिंकी, सुमन, सुनीला, सुषमा, हेमा, पुष्पा, विराग श्री, शांति, मनीष, रामश्री, भूदेवी, नत्थू सिंह, मुकेश आदि ग्रामीण शामिल थे।