डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस पर बुधवार को प्राथमिक पाठशाला नदरई के छात्रों को दवा खिलाई। सीडीओ श्रीनिवास मिश्र ने प्राथमिक विद्यालय ग्राम पथरेकी में बच्चों को कृमिनाशक दवा की गोलियां खिलाई।
डीएम ने कहा कि पेट में कीड़े होने से बच्चों में खून की कमी होती है और कुपोषण के शिकार हो जाते हैं जिससे शरीर का समुचित विकास नहीं हो पाता। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में कृमि संक्रमण की रोकथाम के लिए इंटर तक के छात्रों को स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों पर दवा खिलाई जा रही है। जो बच्चे छूट जाएंगे उन्हें 15 फरवरी को दवा खिलाई जाएगी। सीएमओ ने बताया कि बच्चों के पेट में कीड़े होने से उनका शारीरिक विकास रुक जाता है। दवा खिलाने से खून की कमी दूर होगी। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और कुपोषण दूर होगा। जो बच्चे स्कूल नहीं जाते उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा दवा खिलवाई जाएंगी।