जलेसर। क्षेत्र के गांव सरायनीम में छापा मारने पहुंची राजस्व टीम नेे खनन कर रहे दो ट्रैक्टर, लोडर जब्त कर लिए। इस पर गुस्साए खनन कारोबार से जुड़े लोगों ने टीम पर हमलाकर जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टर, लोडर छुड़ाकर ले गए।
एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस और प्रशासन की आक्रामक कार्रवाई से खनन के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है। पकड़े जाने के भय से सभी छिप गए हैं।
अवैध खनन की सूचना पर नायब तहसीलदार वाजिद हुसैन के नेतृत्व में राजस्व टीम ने कार्रवाई की थी। टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद तीन लोग पकड़े जाने के भय से भाग गए। तीनों के भागने पर मिट्टी का खनन कर रहे दो ट्रैक्टर लोडर को कब्जे में लेकर टीम वापस आने की तैयारी कर रही थी, तभी काले रंग की कार और दो बाइक पर सवार होकर कई लोग वहां आ गए और टीम से उलझ पड़े। लाठी-डंडों और हथियार लेकर पहुंचे लोग गाली-गलौज करते हुए राजस्व टीम को हड़काने लगे।
विरोध करने पर पिटाई पर आमादा हो गए, स्थिति बिगड़ते देख के टीम ने जान बचाना उचित समझा। हमलावर पकड़े गए दोनों ट्रैक्टर लोडर को जबरन छुड़ाकर ले गए। नायब तहसीलदार वाजिद हुसैन ने घटनाक्रम के बारे में एसडीएम पीयूष रावत को जानकारी दी। एसडीएम ने सभी हमलावरों की पहचान कराकर पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार करने को कहा।
एसडीएम के आदेश पर लेखपाल जितेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। एक दर्जन से अधिक लोगों पर दर्ज की गई प्राथमिकी में क्षेत्र के गांव रनौसा निवासी धर्मेंद्र सिंह, इंद्रजीत, मोहित शामिल हैं। संवाद