भोगांव। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गर्मी के बीच बार-बार बिजली बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर 22 घंटे नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग की है।
शुक्रवार को व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष नितिन उमेश सहित कस्बे के लोगों ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा कि शासन के निर्देशानुसार तहसील मुख्यालयों पर 24 घंटे में 22 घंटे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से नगर में लगातार कटौती की जा रही है। दिन और रात में कई बार बिजली बाधित होने से व्यापार, पेयजल व्यवस्था और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों को राहत देने के लिए 22 घंटे नियमित विद्युत आपूर्ति की जाए। इस मौके पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश यादव, सभासद कलीमुद्दीन उर्फ शेखू, पप्पू पेंटर, सुरजीत सिंह, सतेंद्र शाक्य, राजू भारद्वाज, सतेंद्र कुमार, अजय यादव मौजूद रहे।