श्री पीपलेश्वर मंदिर पर श्री रामदरबार के स्थापना दिवस पर चल रहे धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजनों में सोमवार को फूल बंगला एवं भंडारे का आयोजन किया गया। अंतिम दिन इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर में पहुंचे। मंदिर में मौजूद मां दुर्गा, रामदरबार, हनुमान बाबा, सहित अन्य देव प्रतिमाओं को नवीन वस्त्र धारण कराए गए। राम दरबार व अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक छटा देखने को बड़ी संख्या भक्तगण मंदिर में पहुंचे। भक्तों ने देव दर्शन कर देवी देवताओं को भोग अर्पित कर प्रसाद वितरण किया। मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। विद्युत झालरों एवं फूल मालाओं से आकर्षक फूल बंगला सजाया गया। रात्रि में सतरंगी रोशनी से मंदिर की छटा भक्तों को मोहित कर रही थी। दोपहर के बाद मंदिर पर भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लेकर पुण्य अर्जित किया। मंदिर पर बज रहे भजन भक्तों को भक्तिमय माहौल का एहसास करा रहे थे। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति से बबलू ठाकुर, कृष्णकांत शर्मा, विवेक अग्रवाल, मुकेश वाष्णेय, मुकेश गुप्ता, अमित वशिष्ठ, राकेश गुप्ता, पिंकू ठाकुर, पंडित लखनलाल, अनिल कुमार, नरेश शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।