एटा। जिले के अलीगंज ब्लॉक में तैनात सफाई कर्मचारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई न करने के मामले लगातार सामने आते रहते हैं। वहीं अब इससे भी बड़ा मामला सामने आया है जहां ग्राम पंचायत विजयपुर के गांव लालपुर में तैनात सफाई कर्मचारी गांव में साफ-सफाई करने तो जाता नहीं है। मगर पंचायत सचिव के हस्ताक्षर लेकर भुगतान निकाल लिया। मामले की जानकारी होने पर गांव के लोगों ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी के सामने शिकायत की।
जिसके बाद अलीगंज के खंड विकास अधिकारी गोपाल अग्रवाल ने इसकी जांच सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से कराई। जांच के बाद सामने आया कि ग्राम लालपुर में तैनात सफाई कर्मी प्रमोद कुमार ने सितंबर और फरवरी माह में सचिव के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर भुगतान कर लिया है। जिसके बाद सचिव ने हस्ताक्षर को प्रमाणित करते हुए हस्ताक्षर को फर्जी सिद्ध किया।
सहायक विकास अधिकारी प्रवीन सक्सेना ने बताया कि जांच के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मी द्वारा कोई भी सफाई कार्य नही किया गया है। वहीं जब पेरोल की जांच की गई तो सितंबर और फरवरी माह में सचिव के हस्ताक्षर फर्जी पाए गए। सचिव द्वारा हस्ताक्षर को लिखित में अपने हस्ताक्षर होना नही बताया गया। जिसके बाद कार्यवाही के लिए खंड विकास अधिकारी अलीगंज ने जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र भेजा। मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी ने सफाई कर्मी से 7 दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।