एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव मानिकपुर में पति की मजदूरी न मिलने से नाराज एक महिला निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई। वहां से कूद कर जान देने की धमकी देने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाया और ठेकेदार को बुलाकर भुगतान कराया तब महिला नीचे उतरी।
गांव कुंदनपुर निवासी रेखा ने बताया कि पति रामरतन मानिकपुर में बन रही पानी की टंकी पर मजदूरी करते हैं। पिछले काफी समय से ठेकेदार राजेश कुमार निवासी नगला गलू थाना कोतवाली देहात ने उनकी मजदूरी के रुपयों का भुगतान नहीं किया। इसके कारण होली का त्योहार भी सही तरीके से नहीं मान सके और अब भी मजदूरी देने में आनाकानी कर रहा था। इसी बात से तंग आकर रेखा मंगलवार को मानिकपुर में निर्माणाधीन पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गई। इसके बाद आसपास ग्रामीण की भीड़ लग गई और सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
ग्राम प्रधान और पुलिसकर्मियों ने समझाकर नीचे उतरने का प्रयास किया तो वह ऊपर से पत्थर फेंकने लगी। इसके बाद ठेकेदार राजेश कुमार को बुलाया गया और 36000 रुपये महिला के पति को मजदूरी के भुगतान कराए गए। तब वह नीचे उतरी और समझौते के बाद अपने घर चली गई। थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि भुगतान होने पर पति-पत्नी और ठेकेदार के मध्य समझौता हो गया। इसके बाद दोनों ही पक्ष वहां से चले गए।