पटना पक्षी विहार में अठखेलियां करते पक्षी ।
- फोटो : ETAH
एटा। पटना पक्षी विहार में देश-विदेश से हजारों की संख्या में पहुंचे पक्षी इन दिनों यहां स्थित झील में कलरव कर रहे हैं। विदेशी परिंदों के यहां आने के बाद विश्व में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं। इसी को लेकर विदेश से आए पक्षियों के प्रति सतर्कता बरती जा रही है। कारण वर्तमान में यहां 35 हजार विदेशी व 15 हजार के करीब देशी पक्षी प्रवास कर रहे हैं। हालांकि अभी तक की जांच पड़ताल में किसी भी पक्षी में बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं मिले हैं।
पटना पक्षी विहार में प्रतिवर्ष अक्तूबर माह में देश-विदेश से पक्षियों का आना आरंभ हो जाता है। इस वर्ष झील में पानी की कमी के चलते पक्षियों की संख्या में कमी आई है। पांच साल पूर्व तक यहां पांच लाख तक पक्षियों की संख्या पहुंच जाती थी, पर हाल के वर्षों में इनकी संख्या पचास हजार से डेढ़ लाख तक रह गई है। इस साल दिसंबर अंत तक केवल पचास हजार पक्षी ही पहुंच पाए हैं।