अलीगंज के नगला पड़ाव में ट्रांसफार्मर के नीचे पड़े कचरे से उठती आग की लपटें। संवाद
अलीगंज। कस्बे के नगला पड़ाव में सोमवार दोपहर को 250 केवीए के विद्युत ट्रांसफाॅर्मर के नीचे पड़े कचरे से आग की लपटों को देख भगदड़ मच गई। आग के विकराल होने पर ट्रांसफाॅर्मर में आग फैलने की आशंका पर विद्युत निगम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर आग पर काबू पाया जा सका।
नगला पड़ाव में ट्रांसफाॅर्मर के नीचे लंबे समय से नगर पालिका के कर्मचारी कचरा डाल रहे हैं। सोमवार दोपहर इसमें किसी प्रकार आग लग गई। आग की लपटें देेख आसपास खड़े लोग और हथठेल वाले भागने लगे। आग की लपटें ट्रांसफाॅर्मर तक उठ रहीं थीं। इस पर विद्युत निगम और फायर ब्रिगेड का सूचना दी गई। जानकारी पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया। विद्युत निगम के एसडीओ अतुल कुमार ने नगर पालिका को ट्रांसफाॅर्मर के नीचे एवं आसपास कचरा नहीं डालने के लिए नोटिस भेजा है। नोटिस में कचरे की वजह से आग लगने पर नुकसान की भरपाई करने को कहा गया है।