एटा। पंचायत चुनाव के दौरान अलीगंज तहसील क्षेत्र का नजारा इस बार बदला-बदला रहा। यह तहसील चुनाव को लेकर कार्फी चर्चित रही है। पिछले चुनाव में तो अराजक तत्वों ने चुनाव कराने में प्रशासन को चुनौती दे डाली थी। तमाम घटनाओं के कारण दो दर्जन बूथों पर पुनर्मतदान कराना पड़ा। इस बार तीन बूथों पर ही पुनर्मतदान की नौबत आई।
पंचायत चुनाव के मतदान से पूर्व डीएम डॉ. विभा चहल और एसएसपी उदयशंकर सिंह ने गांव-गांव पहुंचकर जो माहौल बनाने की कोशिश की, वह काम कर गई। उन्होंने मतदान के दिन उपद्रव करने वालों पर एनएसए की कार्रवाई करने की बात कही थी। खासकर अलीगंज क्षेत्र में अधिकारियों की नजर अधिक रही। इसके चलते सोमवार देरशाम तक छुटपुट घटनाओं के बीच मतदान शांतिपूर्ण चला। लेकिन अंत समय में अलीगंज क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर तीन बूथों से मतपेटिकाओं को लूट लिया गया। इसके चलते तीनों बूथों पर पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया गया है।
---